GUJARAT NEWS: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ऊना तालुका के खापट प्राइमरी स्कूल में एक शिक्षक पर 7वीं कक्षा के छात्र से पैसे देकर गांव की दुकान से शराब मंगवाने का आरोप लगा है।मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक हरेशगिरी गुलाबगिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू करते हुए पुलिस कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रिंसिपल की शिकायत के बाद हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले का खुलासा स्कूल के प्रिंसिपल मिलन गौस्वामी की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि शिक्षक छात्र को पढ़ाई कराने के बजाय उससे निजी काम करवाते थे और कई बार शराब लाने के लिए भेजते थे।प्रिंसिपल के अनुसार, 20 जून को उन्हें जानकारी मिली कि शिक्षक ने 7वीं कक्षा के छात्र को 500 रुपये देकर गांव की दुकान से शराब लाने के लिए भेजा था।

छात्र ने पूछताछ में बताई पूरी बात
शिकायत मिलने के बाद प्रिंसिपल ने छात्र को विश्वास में लेकर पूछताछ की। छात्र ने कथित तौर पर बताया कि वह पहले भी कई बार शिक्षक के कहने पर शराब खरीदकर ला चुका है। शिक्षक उसे पैसे देते थे और वह दुकान से शराब लेकर आता था। बताया जा रहा है कि छात्र के माता-पिता को इस बात की जानकारी नहीं थी। छात्र एक गरीब मछुआरा परिवार से है। आरोप है कि शिक्षक ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाया।

शिक्षक पर स्कूल में शराब पीने के भी आरोप
प्रिंसिपल ने आरोप लगाया कि शिक्षक हरेशगिरी गुलाबगिरी गोस्वामी को शराब पीने की आदत है और उनके खिलाफ पहले भी नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायतें मिल चुकी हैं।प्रिंसिपल के मुताबिक, इस संबंध में तालुका शिक्षा अधिकारी को कई बार लिखित शिकायतें भी दी गई थीं। 4 मार्च को भी शिक्षक के नशे में स्कूल आने की शिकायत भेजी गई थी।

CCTV फुटेज और अन्य सबूत विभाग को सौंपे गए
ऊना तालुका प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर हरेश वाढेर ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल ने छात्र के बयान, CCTV फुटेज और अन्य जरूरी सबूत विभाग को सौंपे हैं। इन्हीं के आधार पर पुलिस को भी शिकायत भेजी गई है।उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोष साबित होने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, रोका गया था इंक्रीमेंट
शिक्षा विभाग के अनुसार, आरोपी शिक्षक के खिलाफ पहले भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। शराब पीने की शिकायतों के चलते उनका दो बार इंक्रीमेंट रोका गया था।अब विभाग ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। इस मामले में 13 जुलाई को सुनवाई भी निर्धारित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
गुजरात के शिक्षा मंत्री डॉ. प्रदयुम्न वाजा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य बनाने वाले शिक्षकों से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती। उन्होंने गिर सोमनाथ के एसपी से बातचीत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





































