RAIPUR NEWS. गूगल पर FOREX ट्रेडिंग की जानकारी तलाशना रायपुर के एक कारोबारी और उसके भतीजे के लिए भारी पड़ गया। ऑनलाइन निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने दोनों से 74 लाख रुपए ठग लिए। मामले में रायपुर पुलिस ने राजस्थान से दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके डिजिटल नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने गूगल पर FOREX ट्रेडिंग सर्च किया था। इसके कुछ समय बाद उनका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने FOREX ट्रेडिंग से भारी मुनाफा होने का दावा करते हुए उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर कई किश्तों में रकम जमा कराई गई।

ठगों के झांसे में आकर बहादुर आर्य और उनके भतीजे ने विभिन्न बैंक खातों में कुल 74 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। निवेश के बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर उन्होंने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुरू की।

जांच के दौरान मोबाइल नंबर, बैंक खाते, टेलीग्राम आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल चेन एनालिसिस के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और निगरानी के बाद जयपुर निवासी मुकेश कुमार मीणा (26) तथा सीकर निवासी संदीप कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन का तकनीकी परीक्षण कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों तथा डिजिटल नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ऑनलाइन ठगी की घटनाओं में शामिल हो सकता है।






































