AMBIKAPUR NEWS अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में बाइकर्स गैंग की लापरवाही का मामला सामने आया है। बारिश के मौसम में प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने पहुंच रहे पर्यटकों के बीच कुछ बाइकर्स की स्टंटबाजी और तेज रफ्तार परेशानी का कारण बन रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ बाइकर्स मैनपाट की सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाते और स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कई बाइकर्स मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर तेज आवाज भी निकाल रहे हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से पर्यटन स्थल का शांत माहौल प्रभावित हो रहा है और हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों की अनदेखी करने वाले बाइकर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि मैनपाट की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाने की जरूरत है।






































