RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में मानसून ने जोरदार दस्तक दी। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। रायपुर में महज आधे घंटे में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं गरियाबंद जिले में बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे 14 मजदूर नदी के बीच फंस गए, जिन्हें रविवार सुबह प्रशासन और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रायपुर में शनिवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद टाटीबंध, मंडी गेट, भाजपा कार्यालय के आसपास, रोहिणीपुरम कॉलोनी समेत कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं।

कई निचली बस्तियों में घरों के भीतर पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। बारिश का असर रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से बारिश का पानी तेज धार के साथ झरने की तरह गिरता रहा, जिससे यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने और प्लेटफॉर्म पर आवाजाही में दिक्कत हुई।

उधर, गरियाबंद जिले के विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम बीजापाल में बगनई नदी पर निर्माणाधीन पुल में कार्यरत 14 मजदूर अचानक आई बाढ़ के कारण फंस गए। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर सभी मजदूरों ने रातभर एक पेड़ पर शरण लेकर अपनी जान बचाई। रात में तेज बहाव के कारण बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका, लेकिन रविवार सुबह गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन की संयुक्त टीम तथा एसडीआरएफ ने सभी 10 पुरुष और 4 महिला मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अभियान के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

रायपुर के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा टालने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।






































