BILASPUR NEWS. जीवन का भरोसा नहीं किया जा सकता है। कब क्या हो जाए कहना मुश्किल है। शनिवार की सुबह सड़क किनारे खड़ी महिला शिक्षिका को जरा भी आशंका नहीं होगी कि कुछ ही क्षण में वह दुर्घटना का शिकार हो जाएगी। बिलासपुर में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास ड्यूटी पर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक शिक्षिका को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरीं। इसके बाद भी अनियंत्रित बोलेरो नहीं रुकी और पास में खड़ी एक स्कूटी को घसीटते हुए सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला की मदद की। सूचना मिलते ही डायल-112 और सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ड्यूटी पर जाने का इंतजार कर रही थीं शिक्षिका
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला शिक्षिका हैं और ड्यूटी पर जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मध्य प्रदेश नंबर की बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस उनकी पहचान और अन्य आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी है।

वाहन जब्त, चालक की तलाश तेज
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हादसे ने उठाए कई सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।






































