BILASPUR NEWS. तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे दूसरे कमरे में बंद मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पड़ोसियों को घर के भीतर से कोई हलचल नहीं होने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसकी सूचना मकान मालिक और तोरवा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

कमरे में अशोक देवांगन (52) का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन (45) का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। मृतका के गले पर कुल्हाड़ी से कई वार के निशान पाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण को घटना की वजह मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के दौरान दूसरे कमरे में बंद मिले दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस उनसे और परिजनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि बच्चों के बयान इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक वारदात के बाद हेमूनगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।






































