JHANSI NEWS : उत्तर प्रदेश के झांसी में सांप पकड़ने गए एक 80 वर्षीय सपेरे की कोबरा के डसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर निवासी बिच्छूनाथ के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम ग्राम सरसोना की है, जहां एक घर में घुसे कोबरा सांप को पकड़ने के लिए उन्हें बुलाया गया था।

परिजनों के अनुसार, सांप पकड़ने के दौरान कोबरा ने बिच्छूनाथ को डस लिया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और जहरीले सांप को पकड़कर मिट्टी के एक छोटे घड़े में बंद कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें उसी घड़े में बंद सांप के साथ झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के नाती सनी ने बताया कि बिच्छूनाथ ने अपना पूरा जीवन सांप पकड़ने के काम में बिताया था। उनका एक बेटा था, जिसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शी रामसिंह लोधी ने बताया कि सपेरा सांप को डंडे से नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था, तभी कोबरा ने उसे डस लिया।

झांसी मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि 80 वर्षीय बुजुर्ग को सांप के काटने की हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी मोहित राणा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।







































