Jalaun SDM Transfer: उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात आईएएस अधिकारी और एसडीएम रिंकू सिंह राही का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राही को उरई में न्यायिक एसडीएम नियुक्त किया गया है, जबकि उरई के न्यायिक एसडीएम राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम बनाया गया है।

हालांकि तबादला आदेश में किसी वजह का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन यह फैसला 23 जून को बीजेपी के ब्लॉक प्रमुख राम राजा सिंह निरंजन के साथ हुए विवाद के कुछ दिनों बाद आया है। कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया था कि एसडीएम ने उन्हें थप्पड़ मारा और धक्का दिया। इस घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

विवाद के बाद जालौन तहसील के राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रिंकू सिंह राही के व्यवहार को “रुखा और अमानवीय” बताया और सामूहिक अवकाश की मांग की। हालांकि इन आरोपों पर राही की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रिंकू सिंह राही 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और करीब 45 दिन पहले ही जालौन के एसडीएम बने थे। इससे पहले उन्होंने 2004 में यूपी पीसीएस परीक्षा पास की थी और 2008 में जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की। वर्ष 2009 में उन्होंने 80 करोड़ रुपये से अधिक के छात्रवृत्ति और पेंशन घोटाले का खुलासा किया था। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के चलते उन पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी।

रिंकू सिंह राही पहले भी विवादों में रह चुके हैं। जुलाई 2025 में शाहजहांपुर में एसडीएम रहते हुए वकीलों के साथ विवाद के बाद उनका कान पकड़कर उठक-बैठक करने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद उन्हें राजस्व परिषद, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया था। मार्च 2026 में उन्होंने यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया था कि बिना जिम्मेदारी के सरकारी वेतन लेना भी भ्रष्टाचार है। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और बाद में उन्हें जालौन में एसडीएम नियुक्त किया गया था। अब एक बार फिर उनका तबादला चर्चा का विषय बन गया है।






































