WASHINGTON NEWS. अमेरिका के राष्ट्रपति ने पेट्रोल बेचने वाली तेल कंपनियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का लाभ तुरंत उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर कहा कि जब कच्चा तेल करीब 68 डॉलर प्रति बैरल पर आ चुका है, तब भी ग्राहकों से ऊंचे दाम वसूलना उचित नहीं है।

ट्रम्प ने तेल कंपनियों से पेट्रोल की कीमत लगभग 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने की अपील करते हुए कहा कि आम लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्पादन लागत कम हो रही है, तो पेट्रोल की कीमतों में उसी अनुपात में कमी क्यों नहीं की जा रही।


राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के सस्ता होने के बावजूद उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलना ‘प्राइस गाउजिंग’ (Price Gouging) की श्रेणी में आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनियों ने जल्द कीमतें कम नहीं कीं, तो उनके खिलाफ जांच के साथ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई थी। हालांकि तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें नीचे आ गई हैं, लेकिन पेट्रोल के दाम अपेक्षित स्तर तक नहीं घटे हैं। इसी मुद्दे को लेकर ट्रम्प प्रशासन ने अब तेल कंपनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।






































