BILASPUR NEWS. बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक बार फिर एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हाल ही में एक बंदी की मौत के बाद यह दूसरी घटना है, जिसने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, तखतपुर निवासी जनकराम साहू हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के वह वॉशरूम जाने के लिए उठा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा। किसी तरह उठकर वह वापस अपनी बैरक पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।


कैदी की हालत गंभीर होने पर उसे ई-3 बैरक से जेल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

लगातार सामने आ रही कैदियों की मौत की घटनाओं ने एक बार फिर जेल प्रबंधन और वहां की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।






































