JHANSI NEWS झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित मिशन कम्पाउंड में कथित तौर पर जमीन कब्जाने की कोशिश के दौरान एक किराना दुकान पर बुलडोजर चलाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित जेम्स थॉमस ने बताया कि वह अपने घर के बाहर कई वर्षों से ‘लकी प्रोविजन स्टोर’ नाम से दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि पड़ोसी प्रदीप सरौठिया, उसके बेटे मणि सरौठिया और ज्ञानू सरौठिया उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि जमीन का विवाद फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

शिकायत के अनुसार, देर रात करीब 60 से 70 लोगों का समूह उनके घर पहुंचा। आरोप है कि पहले घर के दरवाजों पर ताले लगा दिए गए, फिर सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए गए और बुलडोजर से दुकान को तोड़ दिया गया। जेम्स का कहना है कि किसी तरह दीवार फांदकर बाहर आने के बाद उन्होंने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धमकाया और तोड़फोड़ जारी रखी।

पीड़ित के मुताबिक, घटना में दुकान में रखा करीब 6 से 7 लाख रुपये का सामान भी नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































