LALITPUR NEWS ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के मसौरा कलां गांव में 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सोनू सहरिया (19) के रूप में हुई है। रविवार दोपहर उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बच्चों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे घर के पास खेल रहे बच्चों ने सोनू का शव फंदे पर लटका देखा। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

10 रुपये मांगे थे, मां ने बाद में देने की कही थी बात
मृतक के भाई मोनू ने बताया कि सोनू चार भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह सोनू ने अपनी मां से 10 रुपये मांगे थे। मां ने कहा कि फिलहाल पैसे नहीं हैं, नीम की फलियां (निबोरी) बेचने के बाद पैसे दे देंगी। इसके बाद सोनू गांव में स्थित दूसरे घर चला गया, जहां उसने फांसी लगा ली।

पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।







































