DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र में मजदूरी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। निजी फिश फार्म के मालिक की उनके ही कर्मचारियों ने सुनियोजित साजिश के तहत बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने गोरेगांव-भैंसमुड़ा रोड के सुनसान जंगल में कारोबारी पर 40 से अधिक बार चाकू से वार किए और मौत के घाट उतारने के बाद 37 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 2 नाबालिगों सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के बोइरगांव दर्रीपारा निवासी विप्लव मंडल (55) धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। 27 जून की रात वह नगरी बाजार से मछली बेचकर अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने पहले डंडे से विप्लव मंडल पर हमला किया और कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह वहां से भाग निकला, जबकि हमलावरों ने कारोबारी पर दो चाकुओं से ताबड़तोड़ 40 से अधिक वार किए। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक के शरीर पर गहरे घाव थे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी कारोबारी के पास रखे 37 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। बाद में लूटी गई रकम आपस में बांट ली। ग्रामीणों की सूचना पर घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मृतक के फिश फार्म में मजदूरी करते थे। उनका आरोप था कि लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग के बावजूद मालिक वेतन नहीं बढ़ा रहे थे और अक्सर गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करते थे। इसी रंजिश में आरोपियों ने पहले 25 जून को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन असफल रहने के बाद 27 जून को वारदात को अंजाम दिया।

नगरी पुलिस ने मामले में टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26), जगदीश विश्वकर्मा (50) समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान मृतक का कर्मचारी चुम्मन यादव भी साजिश में शामिल पाया गया, जिसे सह-आरोपी बनाया गया है। बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।





































