BILASPUR NEWS. रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पशुओं की बिक्री से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून की रात अज्ञात चोर उनके बकरी कोठे की ईंट की दीवार तोड़कर 4 बकरे और 15 बकरियां चोरी कर ले गए। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने साइबर सेल के साथ संयुक्त जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे स्कॉर्पियो वाहन से आसपास के गांवों में खेत समतलीकरण का काम तलाशने के बहाने घूमते थे। इसी दौरान बकरा-बकरियों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को 1.75 लाख रुपये में बेच दिया था, जिसमें से 25 हजार रुपये खर्च कर दिए गए थे। शेष 1.50 लाख रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी बबलू खान, अमूर खान, अमीन खान, हबीम खान, शाहरुख खान तथा उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी मोहम्मद अछ्छन शामिल हैं। सभी वर्तमान में रतनपुर क्षेत्र में रह रहे थे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में रतनपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





































