VICTORIA NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब तक 34 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाले विश्व के चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं।

सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इससे पहले उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर भव्य स्वागत किया गया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान बताते हुए सेशेल्स की जनता और सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जलवायु परिवर्तन से जूझ रहे सभी देशों को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने भारत और सेशेल्स से मिलकर हिंद महासागर को ‘अवसरों का महासागर’ बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई, जिसमें रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) और विकास साझेदारी को नई गति देने पर सहमति बनी।

यह यात्रा इसलिए भी खास रही क्योंकि भारत और सेशेल्स इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। दोनों देशों ने भविष्य में रणनीतिक और विकासात्मक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।






































