VICTORIA NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हिंद महासागर के द्वीपीय देश सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया पहुंचने पर सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के पहले दिन दोनों नेताओं ने नेशनल बोटेनिकल गार्डन का भ्रमण किया, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व प्रसिद्ध ‘एल्डाब्रा जाइंट’ कछुओं को अपने हाथों से पत्तियां खिलाईं।

प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग, व्यापार और हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।


भारत और सेशेल्स के संबंधों का इतिहास करीब 256 वर्ष पुराना है। वर्ष 1770 में जब सेशेल्स में पहली स्थायी बस्ती बसाई गई थी, तब वहां पहुंचे 27 लोगों में पांच भारतीय भी शामिल थे। बाद के वर्षों में बिहार, तमिलनाडु और गुजरात से बड़ी संख्या में भारतीय वहां जाकर बस गए।

आज सेशेल्स की लगभग 1.20 लाख आबादी में हर आठवां नागरिक भारतीय मूल का है। देश के पूर्व राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन के पूर्वज भी बिहार के गोपालगंज से जुड़े रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।






































