ALIEN ATTACK ब्राजील के कई शहरों में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हजारों लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक इमरजेंसी अलर्ट बजने लगे। अलर्ट में कथित तौर पर ‘एलियन अटैक’ की चेतावनी दी गई थी, जिसे देखकर लोग घबरा गए। बाद में जांच में पता चला कि यह कोई वास्तविक खतरा नहीं, बल्कि साइबर हैकिंग का मामला था।

जानकारी के अनुसार, 19 और 20 जून की रात करीब 1:30 बजे ब्राजील के सात शहरों में लोगों के मोबाइल फोन पर तेज सायरन के साथ इमरजेंसी संदेश प्राप्त हुए। संदेश में लोगों को खुद को सुरक्षित रखने की चेतावनी देते हुए लिखा गया था कि “एलियन आ चुके हैं”। अचानक आए इस अलर्ट से लोगों में भ्रम और डर का माहौल बन गया।

मामला सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों ने इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम को तत्काल ऑफलाइन कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह संदेश सरकार की ओर से जारी नहीं किया गया था। साइबर हमलावरों ने राष्ट्रीय आपातकालीन अलर्ट सिस्टम में सेंध लगाकर फर्जी संदेश प्रसारित किए थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अलर्ट संदेशों में स्पेलिंग की गलतियां भी थीं, जिससे कई लोगों को इसकी सत्यता पर संदेह हुआ। कुछ शहरों में भेजे गए संदेशों में पहले प्राकृतिक आपदा की चेतावनी दी गई और बाद में कथित एलियन हमले का जिक्र किया गया, जिसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

घटना के बाद नागरिकों ने सरकारी अलर्ट सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि आपातकालीन चेतावनी प्रणाली को आसानी से हैक किया जा सकता है, तो भविष्य में किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में जनता का भरोसा प्रभावित हो सकता है।

ब्राजील के राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा विभाग ने पुष्टि की है कि संदेश किसी अनधिकृत व्यक्ति या समूह द्वारा भेजे गए थे और देश पर किसी प्रकार का वास्तविक खतरा नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच फेडरल पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस साइबर हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।





































