RAIPUR NEWS. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविवार को अभनपुर स्थित मंगल भवन पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मंगल भवन पहुंचने के बाद राहुल गांधी सीधे कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के बीच पहुंचे तथा उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार बैठक में राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को भाजपा के कथित प्रोपेगेंडा का प्रभावी ढंग से जवाब देने, आपसी समन्वय बनाए रखने और संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने तथा जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

पूर्व मंत्रियों और विधायकों के साथ चर्चा के बाद सभी नेताओं को प्रशिक्षण हॉल से बाहर कर दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी ने केवल जिलाध्यक्षों के साथ अलग से बैठक की। इस बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक पुनर्सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व का फोकस प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका में लाने पर है।






































