INTERNATIONAL YOGA DAY: झांसी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद सभापति और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किला मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया और योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति और विरासत को विश्व मंच पर स्थापित करते हुए देश को गौरव की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने झांसी की ऐतिहासिक भूमि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने को सौभाग्य बताया और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।

योगी आदित्यनाथ ने महारानी लक्ष्मीबाई किले के प्रांगण से प्रदेशवासियों, बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों और देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने बताया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व में लखनऊ में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। भारतीय परंपरा में स्वस्थ शरीर को जीवन के सभी लक्ष्यों की प्राप्ति का माध्यम माना गया है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ छात्र, शिक्षक, किसान, श्रमिक, वैज्ञानिक और नागरिक ही एक मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।





































