YOGA DAY VIRAL VIDEO: सूरजपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब प्रतिभागियों के बीच टी-शर्ट का वितरण शुरू हुआ। कार्यक्रम के दौरान टी-शर्ट लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे व्यवस्था बिगड़ गई।

बताया जा रहा है कि टी-शर्ट वितरण के दौरान लोगों में छीना-झपटी जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि भी टी-शर्ट लेने की होड़ में शामिल दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, योग दिवस का यह कार्यक्रम सूरजपुर के रंगमंच परिसर में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। वहीं, कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज भी मौजूद रहे।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







































