BILASPUR NEWS. मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आई पत्नी को बचाने के लिए दौड़े पति की भी मौके पर जान चली गई। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पति-पत्नी की मौत से परिवार और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी सचिन चन्द्राकर (45) अपनी पत्नी रजनी चन्द्राकर (32) के साथ घर पर थे। शनिवार सुबह रजनी आंगन में कपड़े सुखाने के लिए गई थीं। कपड़े डालने के लिए लगाए गए जीआई तार में अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलसने लगीं।

पत्नी को करंट से तड़पता देख सचिन चन्द्राकर उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही उन्होंने रजनी को छुड़ाने का प्रयास किया, वे भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खराब मौसम और हालिया आंधी-तूफान के कारण बिजली का एक तार टूटकर नीचे गिर गया था, जो घर के आंगन में लगे जीआई तार के संपर्क में आ गया। इसी वजह से तार में करंट प्रवाहित होने लगा और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मस्तूरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पति-पत्नी की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों का परिवार के प्रति गहरा लगाव था और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों ने अपनी जान गंवा दी।






































