BILASPUR NEWS. सकरी थाना क्षेत्र में शनिवार को पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सतनाम नगर अमेरी निवासी रमेश गेंदले (60) शनिवार को अपने घर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सत्यप्रकाश सुनहरे (26) का शिवशंकर और मनोज नामक युवकों के साथ विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ता देख रमेश गेंदले ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समझाइश से नाराज होकर सत्यप्रकाश सुनहरे ने अचानक चाकू निकाल लिया और रमेश गेंदले के पेट पर हमला कर दिया। चाकू छीनने की कोशिश में शिवशंकर और मनोज को भी मामूली चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग सहित आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रमेश गेंदले की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर कर भर्ती किया, जहां उनका उपचार जारी है।
सकरी पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आरोपी सत्यप्रकाश सुनहरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।

शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं से चिंता
सकरी क्षेत्र में हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवादों में हथियारों के इस्तेमाल की बढ़ती प्रवृत्ति से लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






































