SURAJPUR NEWS: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बैकोना से प्रतापपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। हादसे के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तीन युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में दमकल और पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया गया।

पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






































