JHANSI NEWS: झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के 12 साल बाद महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लकारा गांव का है।

पुलिस के अनुसार, मृतका काजल (29) की शादी करीब 12 वर्ष पहले लकारा गांव निवासी रविंद्र गुर्जर उर्फ लला से हुई थी। दंपति के दो बेटे मानव (10) और प्रशांत (8) हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि रविंद्र शराब पीकर आए दिन काजल के साथ मारपीट करता था। इसके अलावा उसकी ननद और चचेरा देवर शक्ति सिंह गुर्जर भी उसे परेशान करते थे।

परिजनों के मुताबिक, 8 जून को रविंद्र ने काजल का मोबाइल फोन छीन लिया था, जिसके बाद उसका मायके वालों से संपर्क नहीं हो पाया। 11 जून को एक अज्ञात नंबर से फोन आने पर परिवार को काजल की आत्महत्या की जानकारी मिली।

मृतका के चाचा राजा गुर्जर ने बताया कि जब वे परिजन के साथ काजल के ससुराल पहुंचे तो घर में कोई मौजूद नहीं था। खिड़की से देखने पर काजल का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों का दावा है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी थे।

बच्चों ने परिजनों को बताया कि घटना वाले दिन उनके पिता ने उन्हें खेलने के लिए घर से बाहर भेज दिया था। उस समय घर में केवल काजल और रविंद्र मौजूद थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद काजल ने फांसी लगा ली। जब बच्चे वापस लौटे तो उन्होंने अपनी मां को फंदे पर लटका पाया, जबकि रविंद्र घर से फरार हो चुका था।

मामले में काजल के भाई राजवीर गुर्जर की शिकायत पर 14 जून को पति रविंद्र गुर्जर, चचेरे देवर शक्ति सिंह गुर्जर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी रविंद्र गुर्जर उर्फ लला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।





































