JALAUN NEWS जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक दर्दनाक हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। माधौगढ़ क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास स्थित पहुज नदी में नहाने गए मध्य प्रदेश के भिंड जिले के तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, भिंड जिले के लिधौरा गांव निवासी जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (15) और अवनीश यादव (20) सहित 17 युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जालौन आए थे। 19 जून को होने वाले मंगलौर कार्यक्रम से पहले सभी युवक घूमने और स्नान करने के लिए गोपालपुरा के पास पहुज नदी पहुंचे थे।

नहाने के दौरान जगमोहन, सुधीर और अवनीश नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य युवकों तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया।

घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।






































