BILASPUR NEWS. जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार को हुए भीषण हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरने के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में 18 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का भयावह दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण स्थल पर जेसीबी के पंचर टायर की मरम्मत का काम चल रहा था। पंचर बनने के बाद टायर में कंप्रेसर से हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ा हेल्पर कई फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सीपत निवासी युवक की गई जान
मृतक की पहचान उमाकांत कौशिक (18) निवासी सीपत के रूप में हुई है। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर, टायर मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

CCTV फुटेज बना जांच का आधार
हादसे का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में टायर फटने के बाद युवक के उछलने और आसपास मौजूद लोगों में मची भगदड़ साफ दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने निर्माण स्थलों और भारी वाहनों के रखरखाव में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर टायर में अत्यधिक दबाव बनने या तकनीकी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि हादसा मानवीय चूक का परिणाम था या सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी।






































