BILASPUR NEWS : बिलासपुर। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में कोयले से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे की चपेट में आए बाइक सवार दो सगे भाइयों की ट्रेलर के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बेलतरा निवासी संदीप रजक (23) और प्रदीप रजक (20), पिता कुश कुमार रजक, शिवम मोटर्स में कार्यरत थे। दोनों भाई मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार शाम रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वे अपनी बाइक (CG 10 BQ 6304) से घर लौट रहे थे।

रात करीब 8 बजे जब वे बेलतरा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी कोरबा की ओर से आ रहा कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर (CG 12 BH 2296) अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान बाइक सवार दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए और भारी वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। ट्रेलर के नीचे फंसे दोनों युवकों को निकालने के लिए तत्काल बैकहो लोडर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए और पंचनामा कार्रवाई के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मधुलिका सिंह और डीएसपी नुपूर उपाध्याय भी मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रेलर को हटवाकर हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। उधर, दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो अपनों के शव देखकर उनकी आंखें नम हो गईं।





































