RAIPUR NEWS. राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट (माना) पर एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने उसका विस्तृत निरीक्षण किया। जांच पूरी होने और विमान को सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उसे अगली उड़ान के लिए मंजूरी दी गई। इसके बाद ही यात्रियों की जान में जा आई।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रायपुर पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान एक पक्षी विमान से टकरा गया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। हालांकि विमानन सुरक्षा मानकों के तहत एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी।

इंजीनियरिंग टीम ने विमान के इंजन, विंग्स और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों का निरीक्षण किया। तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। इस प्रक्रिया के कारण विमान की अगली उड़ान निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई।

विमानन विशेषज्ञों के अनुसार टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की घटनाएं सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील मानी जाती हैं। ऐसे मामलों में विमान के प्रत्येक महत्वपूर्ण हिस्से की जांच अनिवार्य होती है, ताकि उड़ान संचालन में किसी प्रकार का जोखिम न रहे।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के दिशा-निर्देशों के तहत देश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर पक्षियों की गतिविधियों पर नजर रखने और बर्ड हिट की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर भी नियमित रूप से बर्ड कंट्रोल उपाय लागू किए जाते हैं।






































