RAIPUR NEWS. रायपुर एयरपोर्ट के आसपास कचरा डंपिंग को लेकर प्रशासन ने निगरानी और सफाई का अभियान तेज कर दिया है। एयरपोर्ट से 10 किलोमीटर की परिधि में 41 वेस्ट डंप साइट चिन्हित की गई हैं। इन सभी स्थानों पर कचरा डंप किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद अब प्रशासन ने इनकी सफाई, कचरा प्रबंधन और भविष्य में दोबारा डंपिंग रोकने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से चिन्हित सभी स्थलों की सूची जियो-टैग लोकेशन, अक्षांश और देशांतर के साथ तैयार की गई है। इससे प्रत्येक साइट की सटीक लोकेशन दर्ज होने के साथ स्थलवार निगरानी भी की जा सकेगी।

विमानन एवं पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में 13 अगस्त को एयरपोर्ट के आसपास वेस्ट डंप साइटों की पहचान और सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का फोकस केवल मौजूदा कचरा हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी नई जगहों की पहचान करने पर भी है, जहां भविष्य में कचरा डंप किया जा सकता है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के अनुसार, जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) रायपुर की जिला और विकासखंड स्तरीय टीम की ओर से 21 अगस्त से चिन्हित स्थलों का निरीक्षण और सर्वेक्षण किया जा रहा है। सर्वे के दौरान प्रत्येक वेस्ट डंप साइट की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

टीम यह भी देख रही है कि संबंधित स्थान पर कितना कचरा जमा है और वहां किस स्तर की सफाई की जरूरत है। सर्वेक्षण पूरा होने के बाद प्रत्येक चिन्हित स्थल के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें कचरे की सफाई, उचित प्रबंधन और भविष्य में दोबारा कचरा डंप होने से रोकने के उपाय शामिल होंगे। जियो-टैगिंग के कारण प्रशासन के पास सभी साइटों की सटीक लोकेशन उपलब्ध रहेगी। इससे आगे की निगरानी और कार्रवाई को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

जिला पंचायत सीईओ ने मौके पर देखा काम
इसी कार्रवाई के तहत जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने विभिन्न चिन्हित स्थलों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर चल रही सफाई और सर्वेक्षण की कार्रवाई का निरीक्षण किया तथा संबंधित टीमों से स्थल की स्थिति और किए जा रहे काम की जानकारी ली। प्रशासन की कोशिश है कि एयरपोर्ट के आसपास कचरे के खुले डंपिंग की समस्या को नियंत्रित करने के साथ-साथ ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे सफाई के बाद इन जगहों पर दोबारा कचरा जमा न हो।






































