रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की चपेट में आ गई। घटना के बाद एहतियातन विमान का तकनीकी निरीक्षण किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार फ्लाइट सुबह करीब 8:08 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई, तभी पक्षी से टकराने की घटना हुई। इसके बाद एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की जांच शुरू कर दी।

इसी कारण विमान की अगली उड़ान, जो रायपुर से दिल्ली के लिए निर्धारित थी, में देरी हुई। लगभग ढाई घंटे की जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए फिट घोषित किया गया और इसे सुबह करीब 11:35 बजे रवाना किया गया।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बर्ड हिट जैसी घटनाओं में विमान के इंजन और अन्य हिस्सों की विस्तृत जांच की जाती है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जांच पूरी होने के बाद विमान को सुरक्षित संचालन की अनुमति दे दी गई।







































