KORIYA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित रूप से कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना में उनके भाई समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। नौगई रेत घाट के संचालन और रेत कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 16 जून की देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक घटना में बदल गया।

बताया जा रहा है कि देर रात कुछ लोग भरत सिंह के घर के बाहर पहुंचे। विवाद के दौरान उनकी फॉर्च्यूनर कार का रास्ता एक डंपर लगाकर रोक दिया गया। आरोप है कि इसके बाद वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी गई। उस समय कार में भरत सिंह, उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। आरोप है कि आग लगने के दौरान कार सवार लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया, जिससे वे आग की चपेट में आ गए।

घटना में भरत सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह झुलस गए। घायलों को पहले अंबिकापुर भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। पुलिस को घटनास्थल से वाहन के कुछ क्षतिग्रस्त हिस्से, चप्पल और अन्य सामग्री मिली है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही कोरिया पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह सोनहत क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में माने जाते थे। वे पूर्व में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके थे और स्थानीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ थी।

जांच जारी, कई संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।






































