MUNGELI NEWS मुंगेली। जिले की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली सिटी कोतवाली इन दिनों अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा के केंद्र में है। शहर में कानून व्यवस्था, खुलेआम चल रही अवैध गतिविधियों और लाखों रुपये की कथित ठगी के मामलों में कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि शिकायतें सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कोदवा बानी रोड, सूरहेटा रोड, बिलासपुर रोड, बस स्टैंड सहित कुछ सार्वजनिक स्थानों पर देर शाम से रात तक खुलेआम शराबखोरी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगोमं का कहना है कि ऐसे मामलों में नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जाती है ताकि सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।


इसी बीच लोरमी क्षेत्र की एक युवती द्वारा सिटी कोतवाली में दी गई शिकायत ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रॉपर्टी और निवेश के नाम पर करीब 7 लाख रुपये की राशि लेकर धोखाधड़ी की गई।


शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने बैंक लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई है तथा मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

शहर के नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराने, लंबित शिकायतों की जांच करवाने तथा शहर में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।






































