RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में 16 जून की रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार के अकाउंटेंट को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर करीब 10 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक तौर पर बदमाशों द्वारा पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ युवक उसका पीछा करते रहे। सुनसान स्थान मिलने पर आरोपियों ने उसकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।

पीड़ित ने बताया कि गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपी उसके पास रखा नकदी से भरा बैग छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।






































