LALITPUR NEWS: ललितपुर : उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी और चार माह की मासूम बेटी घायल हो गईं। यह दुर्घटना जाखलौन-देवगढ़ मार्ग पर उस समय हुई जब उनकी बाइक अचानक सड़क पर आई एक भैंस से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धौर्रा निवासी 24 वर्षीय आसिफ पुत्र गफ्फार खान सोमवार को अपनी पत्नी और चार माह की बेटी के साथ किसी निजी कार्य से ललितपुर आए थे। काम पूरा करने के बाद देर शाम करीब 8 बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

जब परिवार ललितपुर-देवगढ़ मार्ग पर ग्राम सेपुरा के पास पहुंचा, तभी अचानक एक भैंस खेत से निकलकर सड़क पर आ गई। आसिफ को संभलने या बाइक रोकने का मौका नहीं मिला और उनकी बाइक सीधे भैंस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए आगे आकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आसिफ को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी और मासूम बेटी का उपचार किया गया।

युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को अपने गांव ले गए।






































