BEMETARA NEWS. बेमेतरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म पीड़िता के माता-पिता घायल अवस्था में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग की। पीड़ित परिवार ने आरोपी पक्ष पर मारपीट करने तथा मामला वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम बेवरा निवासी रोहित कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। रोहित के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी और वह घायल अवस्था में दिखाई दिए। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित पिता ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी नाबालिग बेटी के साथ अनाचार की घटना हुई थी। मामले का आरोपी वर्तमान में जेल में बंद है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।


पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली। परिवार का आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही कदम उठा रही है।

एसपी कार्यालय पहुंचे परिवार ने निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे कोई कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। फिलहाल परिवार ने एसपी को आवेदन सौंप दिया है, जबकि इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।





































