AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलमा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार सुबह विवादित भूमि पर हुए संघर्ष में एक बुजुर्ग किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सिलमा निवासी 57 वर्षीय होसराम पैंकरा और पथरई निवासी बजरंग पैंकरा के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष विवादित भूमि पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। मामला राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है और पूर्व में भी इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी थी।

रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बजरंग पैंकरा का पुत्र ट्रैक्टर लेकर विवादित खेत की जुताई करने पहुंचा। उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इसकी जानकारी मिलने पर होसराम पैंकरा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और खेत की जुताई का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि बजरंग पैंकरा और उसके परिवार के लोगों ने होसराम तथा उनके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान होसराम जमीन पर गिर पड़े। इसी बीच उमेश नामक युवक ने ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दबिश देकर हत्या में शामिल भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर उमेश चला रहा था।

बताया जा रहा है कि विवादित भूमि मूल रूप से कामेश्वरी नामक महिला के नाम पर दर्ज थी। महिला नि:संतान थी और उसकी देखभाल धनेश्वरी नामक महिला करती थी। इसी आधार पर भूमि का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में होने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरा पक्ष भी जमीन पर अपना अधिकार जता रहा है। इसी विवाद के चलते यह दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





































