RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में आयोजित होगा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में पत्र जारी कर सभी नव नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक क्षमता बढ़ाना, नेतृत्व कौशल विकसित करना और पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार करना है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी एक दिन के लिए शिविर में शामिल होंगे। वे पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। राहुल गांधी की सहमति मिलने के बाद कार्यक्रम को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इन अध्यक्षों को इससे पहले 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल किया गया था।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया था। एआईसीसी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एआईसीसी सचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अधिकतम समय देने को कहा गया है।

पत्र के अनुसार वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, जिसमें शिविर के शुरुआती दो और अंतिम दो दिन शामिल होंगे। पार्टी का मानना है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त नए अध्यक्षों को संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क प्रबंधन, राजनीतिक संवाद और चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। यह प्रशिक्षण शिविर उसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। एआईसीसी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचना होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।





































