OMAN NEWS. खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय चालक दल (क्रू) वाले वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। गुरुवार को ओमान तट के पास भारतीय क्रू से संचालित जहाज ‘एमटी जलवीर’ पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किए जाने की खबर सामने आई है। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई, जिससे समुद्री सुरक्षा एजेंसियों और भारतीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद जहाज से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया। हालांकि, हमले के पीछे किस संगठन या देश का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।

इससे पहले बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर ‘एमटी सेत्तेबेलो’ पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृतकों में से दो भारतीयों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि संबंधित टैंकर ईरानी तेल लेकर जा रहा था और कई चेतावनियों के बावजूद निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की गई।

सोमवार को भी हुआ था हमला
खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने के साथ भारतीय क्रू वाले जहाज लगातार निशाने पर आ रहे हैं। सोमवार को भी अमेरिकी सेना ने ‘द मैरीवेक्स’ नामक तेल टैंकर पर कार्रवाई की थी। उस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। राहत की बात यह रही कि ओमान की सेना ने त्वरित बचाव अभियान चलाकर सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया था।

लगातार हो रही घटनाओं ने वैश्विक समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय और नौवहन मंत्रालय पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों की चिंता भी बढ़ गई है।






































