BALAUDABAZAR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में संदेह के आधार पर मृतका के देवर को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 स्थित सिविल लाइन इलाके में रहने वाली 29 वर्षीय पुष्पा ध्रुव, पति सोमनाथ ध्रुव, का शव उसके घर के पीछे बाड़ी में पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के चेहरे और सिर पर किसी भारी वस्तु से कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि महिला का शव घर की बाड़ी में खून से सना हुआ मिला है। मृतका के चेहरे पर भारी वस्तु से हमला किए जाने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जो मृतका का देवर बताया जा रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






































