KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पांडातराई नगर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुप्ता धर्मशाला के समीप स्थित एक टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गईं और इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया।


जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पांडातराई पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।

गनीमत रही कि आग लगने के समय दुकान के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर, टेंट सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।




































