PM UJJWALA YOJANA दिल्ली। केंद्र सरकार ने पीएम उज्ज्वला योजना के तहत बड़ा बदलाव किया है। अब इस योजना के अंतर्गत मिलने वाले सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 कर दी गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

सरकार के अनुसार, यह फैसला वैश्विक स्तर पर एलपीजी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए लिया गया है। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में करीब 46 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। इसी दबाव को देखते हुए यह संशोधन किया गया है।

उज्जवला योजना के तहत लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी दी जाती है, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होती है। उदाहरण के तौर पर, भोपाल में जहां सिलेंडर की कीमत 947 रुपये है, वहीं सब्सिडी के बाद यह 647 रुपये में उपलब्ध हो जाता है।

2016 में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देना था। शुरुआत में 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलती थी, जिसे बाद में घटाकर 9 और अब 4 कर दिया गया है। वर्तमान में देश में 10.5 करोड़ से अधिक उज्जवला कनेक्शन हैं।

सरकार ने यह भी दावा किया है कि भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें अभी भी कई देशों की तुलना में कम हैं, जबकि 29 रुपये की हालिया बढ़ोतरी के बावजूद यह आम उपभोक्ताओं के लिए अपेक्षाकृत सस्ती बनी हुई है।



































