KATHAVACHAK PAWAN DEV MAHARAJ अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के चर्चित कथा प्रवाचक पवन देव महाराज के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

पारिवारिक परिचय से शुरू हुई बातचीत
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह पहले से विवाहित है। उसके अनुसार, पारिवारिक कार्यक्रमों के सिलसिले में पवन देव महाराज का उसके ससुराल में आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ और बाद में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद कथावाचक ने उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार संपर्क में रहने लगे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि पवन देव महाराज ने उससे विवाह करने का आश्वासन दिया और इसी भरोसे पर लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब भी उसने शादी की बात की, उसे भरोसा दिलाया जाता रहा।

राम मंदिर दर्शन के बहाने बुलाने का दावा
शिकायत के अनुसार 10 अप्रैल 2025 को कथावाचक ने उसे अयोध्या बुलाया और राम मंदिर दर्शन कराने की बात कही। महिला का आरोप है कि उसे मेघेश्वर कनक भवन बुलाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।पीड़िता का कहना है कि बाद में जब उसने विवाह करने का दबाव बनाया तो कथावाचक ने शादी से इनकार कर दिया।

गहने वापस न करने का भी आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि वह अपने ससुराल से मिले लाखों रुपये मूल्य के गहने लेकर अयोध्या आई थी। उसका दावा है कि वे गहने कथावाचक के पास ही रह गए। जब उसने अपने आभूषण वापस मांगे तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसे लगातार परेशान किया जाने लगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच
बीकापुर कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।


































