MAHASAMUND NEWS. महासमुंद जिले के चर्चित धान हेराफेरी एवं गबन मामले में बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2020-21 में पिरदा धान खरीदी केंद्र में 17,210.72 क्विंटल धान की हेराफेरी कर करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन धान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं व्यवस्थापक कन्हाई सेठ तथा तत्कालीन सेल्समैन राजकुमार पटेल शामिल हैं।

शासन को पहुंचाई थी करोड़ों की आर्थिक क्षति
मामले की शिकायत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पिरदा से जुड़े शिकायतकर्ता राजेश कुमार सिदार ने दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2020-21 के दौरान धान उपार्जन केंद्र में 17,210.72 क्विंटल धान का गबन कर शासन को लगभग 4.50 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।

शिकायत के आधार पर थाना बसना में 27 मार्च 2024 को अपराध क्रमांक 163/2024 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार थे।

पूछताछ में कबूला अपराध
बसना पुलिस फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 8 जून 2026 को पुलिस ने कन्हाई सेठ और राजकुमार पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
जांच के दौरान एकत्र किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से भी गबन में उनकी भूमिका की पुष्टि हुई। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आर्थिक अपराधियों पर सख्ती जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने कहा कि शासन को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचाने वाले इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार और शासकीय संपत्ति के गबन से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा जिले में ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य संबंधित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




































