JOB NEWS. इंजीनियरिंग और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर आया है। Indian Navy ने परमानेंट कमीशन के तहत 10+2 (बीटेक) कैडेट एंट्री स्कीम (जनवरी 2027 बैच) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को चार वर्षीय बीटेक कोर्स के साथ भारतीय नौसेना की तकनीकी शाखा में अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 18 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) विषयों के साथ उत्तीर्ण की हो। इन तीनों विषयों में कुल मिलाकर कम से कम 70 प्रतिशत अंक तथा अंग्रेजी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।

इसके अलावा अभ्यर्थी का जेईई मेन-2026 परीक्षा में शामिल होना जरूरी है। उम्मीदवारों को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा जारी कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) के आधार पर ही एसएसबी इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। उम्मीदवार का जन्म 2 जुलाई 2007 से 1 जनवरी 2010 के बीच होना चाहिए। दोनों तिथियां शामिल रहेंगी। भर्ती के तहत मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं में 30-30 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें महिलाओं के लिए दोनों शाखाओं में चार-चार पद आरक्षित हैं, यानी कुल 8 सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हैं।

इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन जेईई मेन-2026 की रैंक के आधार पर किया जाएगा। नेवी मुख्यालय पहले एसएसबी इंटरव्यू के लिए कटऑफ तय करेगा। कटऑफ पार करने वाले अभ्यर्थियों को एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। एसएसबी इंटरव्यू का आयोजन सितंबर 2026 से बेंगलुरु, भोपाल, कोलकाता और विशाखापत्तनम में किया जा सकता है। इंटरव्यू में सफल उम्मीदवारों को मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। एसएसबी और मेडिकल फिटनेस के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

प्रशिक्षण के बाद मिलेगी अधिकारी की नियुक्ति
चयनित अभ्यर्थियों को चार वर्षीय बीटेक कार्यक्रम में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा नेवल आर्किटेक्चर एंड शिपबिल्डिंग जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना में परमानेंट कमीशन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

भर्ती का विवरण
एंट्री स्कीम 10+2 (बीटेक) कैडेट एंट्री
बैच जनवरी 2027
कुल पद 60
शाखाएं मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून 2026
नियुक्ति परमानेंट कमीशन अधिकारी


































