KORIA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सिलेंडर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के चरचा कॉलरी क्षेत्र स्थित चाइना ब्लॉक में एक आवासीय क्वार्टर में हुए धमाके में SECL के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कॉलरी क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात कअचानक जोरदार धमाका हुआ।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर विस्फोट मानी जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने फोरेंसिक और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों की पड़ताल करेगी।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। दिवंगत के. वी. नंदन को SECL के अनुभवी और कुशल अधिकारियों में गिना जाता था। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिकारियों, कर्मचारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने इस घटना को SECL परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।




































