रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया इलाके में शनिवार शाम गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से 10 लाख रुपये की लूट की वारदात सामने आई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार बदमाश नकदी से भरा बैग छीनकर भागते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वह अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय से एजेंसी के भुगतान की करीब 10 लाख रुपये की राशि लेकर टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान डंगनिया बाजार के पास बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया।

आरोपियों ने श्रवण साहू के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा कार के भीतर रखा नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई, जिससे पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी की थी। जिस सटीक तरीके से बदमाश सीधे कार तक पहुंचे और रकम से भरा बैग लेकर फरार हुए, उससे यह संभावना जताई जा रही है कि उन्हें नकदी ले जाए जाने की पहले से जानकारी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति ने आरोपियों को सूचना तो नहीं दी थी।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों के हुलिए के बारे में अधिक जानकारी भी नहीं दे पाए।

घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



































