RAIPUR NEWS. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जुलाई-अगस्त में होने वाले श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम की घोषणा कर दी है। दो मल्टी-डे मैचों की इस श्रृंखला के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को टीम का कप्तान बनाया गया है। 15 सदस्यीय टीम में छत्तीसगढ़ के उभरते बल्लेबाज आयुष पांडे को भी बतौर ओपनर शामिल किया गया है।

रायपुर के आयुष पांडे का चयन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने हाल ही में छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया था। आयुष के अलावा विदर्भ के अमन मोखाडे, जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी और मध्य प्रदेश के सारांश जैन को भी पहली बार इंडिया-ए टीम में मौका मिला है।

टीम में कप्तान ध्रुव जुरेल के साथ साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, एन जगदीशन और हर्ष दुबे जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। वहीं जीशान अंसारी, शेख राशिद, आकिब नबी, अमन मोखाडे और आयुष पांडे को पहली बार इंडिया-ए टीम में जगह मिली है।

CCPL में खेली थी रिकॉर्डतोड़ पारी
आयुष पांडे ने हाल ही में नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए CCPL सीजन-3 के मुकाबले में इतिहास रच दिया था। बस्तर बाइसन्स के खिलाफ बिलासपुर बुल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 13 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 147 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। यह CCPL इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

इसके अलावा आयुष ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में भी लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनके शानदार प्रदर्शन का ही परिणाम है कि अब उन्हें इंडिया-ए टीम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम
ध्रुव जुरेल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, ऋतुराज गायकवाड़, शेख राशिद, हर्ष दुबे, अंशुल कंबोज, सारांश जैन, गुरनूर बराड़, एन जगदीशन (विकेटकीपर), अमन मोखाडे, आकिब नबी, यश ठाकुर और जीशान अंसारी।


































