PENDRA NEWS. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के चर्चित सर्राफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। हत्या और लूट की इस वारदात के बीच अब एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल संदेश के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, जिससे मृतक के परिजनों में भय और चिंता का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में लिखा गया था, “प्रदीप कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है, जो करना है कर लो।” इस संदेश ने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मनोज सोनी ने पेंड्रा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब संदेश भेजने वाले नंबर की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियां जुटाने में लगी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति वास्तव में हत्या में शामिल है या फिर जांच को गुमराह करने अथवा परिवार को डराने के उद्देश्य से यह हरकत की गई है।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
उल्लेखनीय है कि प्रदीप सोनी हत्याकांड जिले के सबसे चर्चित मामलों में से एक है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं एक अन्य आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
अब इस नए संदेश के सामने आने के बाद जांच और अधिक जटिल हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल कर रही है।




































