DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ाईभाठा में एक व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मृतक के शव को गांव में दफनाने की तैयारी की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया और मामला प्रशासन तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। संगठन का कहना था कि मृतक ने जीवनकाल में धर्म परिवर्तन कर अन्य धार्मिक परंपराओं को अपनाया था, इसलिए अंतिम संस्कार भी उसी धार्मिक रीति-रिवाज और निर्धारित स्थल पर किया जाना चाहिए।

हिंदू जागरण मंच के सदस्य डाकेश्वर साहू ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का सम्मान बनाए रखने के लिए अंतिम संस्कार संबंधित धर्म की व्यवस्था के अनुरूप होना आवश्यक है। इस संबंध में संगठन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी ज्ञापन स्वरूप अपनी बात से अवगत कराया।

प्रशासन की पहल से टला विवाद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भखारा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। सभी पक्षों के साथ चर्चा और आपसी सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया कि अंतिम संस्कार गांव में न कर ईसाई कब्रिस्तान में किया जाएगा।

निर्णय के बाद देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार ईसाई कब्रिस्तान में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से संभावित तनाव टल गया और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहा।





































