RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।

जारी समय-सारिणी के अनुसार 6 जून को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन-I एवं II, 8 जून को सामान्य अध्ययन-III एवं IV तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-V की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग ने बताया कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और रायपुर स्थित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा।

CGPSC ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक, व्यक्तिगत सूचना अथवा SMS के माध्यम से अलग से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। इसलिए उम्मीदवार समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर लें।




































